डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। कप्तान जोए रूट (8 रन पर 5 विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी और जैक लीच (54 रन पर 4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने यहां मोटेरा के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को भारत को उसकी पहली पारी में 145 रनों पर समेट दिया। इस इस डे-नाइट टेस्ट मैच में इंग्लैंड भी पहली पारी में 112 रन पर ढेर हो गई थी और अब भारत को केवल 33 रनों की ही बढ़त मिल पाई।
इसके बाद दूसरी पारी में खेलने उतरी इंग्लैंड शुरुआत बेहद खराब रही। अक्षर पटेल ने पहली गेंद पर ही जैक औली को बोल्ड कर दिया। इसके बाद जॉनी बेयरिस्टो भी तीसरी गेंद पर बोल्ड होकर पवैलियन लौट गए। सिबली कुछ देर भारतीय गेंदबाजों के सामने संघर्ष के बाद अक्षर का तीसरा शिकार बने।
ऐसे सिमटी भारतीय पारी
इसके पहले भारतीय टीम पहले सत्र में 46 रन के अंदर ही अपने सात विकेट गंवा दिए। भारत ने अपने कल के स्कोर तीन विकेट पर 99 रन से आगे खेलना शुरू किया। रोहित शर्मा ने 57 और अजिंक्य रहाणे ने अपनी पारी को एक रन से आगे बढ़ाया। दूसरे दिन भारत को चौथा झटका 114 के स्कोर पर रहाणे के रूप में लगा, जो केवल सात रन बनाकर जैक लीच की गेंद पर पगबाधा आउट हुए। लीच ने इसके बाद रोहित को भी पगबाधा आउट करके भारत को एक और झटका दिया। रोहित ने 96 गेंदों पर 11 चौकों की मदद से 66 रन बनाए। यहां से कप्तान रूट ने किंग मेकर बनकर उभरे और उन्होंने गेंदबाजी का मोर्चा संभालते हुए भारत को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया। रूट ने ऋषभ पंत (1), वाशिंगटन सुंदर (0) और अक्षर पटेल (0) को आउट करके 125 तक भारत के आठ विकेट गिरा दिए।
रूट ने फिर रविचंद्रन अश्विन (17) को भी जैक क्रॉली के हाथों कैच कराकर भारत को नौवां झटका दिया। अश्विन ने 32 गेंदों पर तीन चौके लगाए। भारत का अंतिम विकेट 145 के स्कोर पर जसप्रीत बुमराह (1) के रूप में लगा। अपना 100वां टेस्ट खेल रहे ईशांत शर्मा 20 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 10 रन बनाकर नाबाद। भारत के आलआउट होते ही चायकाल की घोषणा कर दी गई। वहीं, शुभमन गिल ने 11, कप्तान विराट कोहली ने 58 गेंदों पर तीन चौकों की मदद से 27 जबकि चेतेश्वर पुजारा खाता खोले बिना आउट हुए।
जो रूट अब डे-नाइट टेस्ट में सबसे सफल इंग्लिश गेंदबाज
इंग्लैंड की ओर से कप्तान रूट ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए। यह पिंक बॉल टेस्ट में किसी भी इंग्लिश गेंदबाज का बेस्ट बॉलिंग फिगर है।रूट किसी भी टेस्ट मैच में पांच विकेट लेने वाले 1983 के बाद से इंग्लैंड के पहले कप्तान बन गए हैं। उसने पहले बॉब विलिस ने 1983 में पांच विकेट लिए थे। उनके अलावा जैक लीच ने चार और जोफरा आर्चर ने एक विकेट लिया।
अक्षर-अश्विन ने 9 विकेट लेकर इंग्लैंड को समेटा
मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड को अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन ने 9 विकेट लेकर 112 रन पर ऑलआउट किया था। अक्षर को 6 और अश्विन को 3 विकेट मिले। अक्षर ने लगातार दूसरी पारी में 5 या उससे ज्यादा विकेट झटके। पिछले टेस्ट की दूसरी पारी में उन्होंने 5 विकेट लिए थे।
इंग्लैंड की खराब शुरुआत रही
इंग्लैंड की शुरूआत बेहद खराब रही थी। टीम ने 27 रन पर ही 2 विकेट गंवा दिए थे। 100वां टेस्ट खेल रहे तेज गेंदबाज इशांत शर्मा ने इंग्लैंड को पहला झटका दिया था। ओपनर डॉम सिबली 1 रन बनाकर आउट हुए। इशांत की बॉल पर स्लिप में रोहित शर्मा ने उनका कैच लिया।
7 इंग्लिश बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके
1.32 लाख दर्शकों की क्षमता वाले नए बने इस स्टेडियम में पहली बार इंटरनेशनल मैच खेला जा रहा है। पहली पारी में इंग्लैंड के लिए 7 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके। इनमें जॉनी बेयरस्टो और ओपनर डॉम सिबली शून्य पर आउट हुए। भारत में पहली बार टेस्ट खेल रहे जैक क्राउली ने सबसे ज्यादा 53 रन की पारी खेली।
कोहली के पास सबसे सफल भारतीय कप्तान बनने का मौका
विराट कोहली के पास यह मैच जीतने के साथ ही घर में सबसे सफल भारतीय कप्तान बनने का मौका है। वे और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दोनों ने भारत में 21-21 टेस्ट जीते हैं। धोनी ने भारतीय जमीन पर कुल 30 टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी की है। इसमें से 3 में हार मिली और 6 टेस्ट ड्रॉ रहे। वहीं, विराट की कप्तानी में भारत ने घरेलू मैदानों पर 28 टेस्ट खेले। इनमें से दो में हार का सामना करना पड़ा और 5 टेस्ट ड्रॉ रहे।
तीसरा टेस्ट जीते तो कर लेंगे स्टीव वॉ की बराबरी
अगर भारतीय टीम यह टेस्ट मैच भी जीत लेती है तो विराट का घरेलू मैदानों पर रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्टीव वॉ की बराबरी पर आ जाएगा। तब भारतीय मैदानों पर विराट के नाम 29 टेस्ट में 22 जीत हो जाएगी। दूसरी ओर स्टीव वॉ ने भी अपने घरेलू मैदानों (ऑस्ट्रेलिया में) में 29 में से 22 मैचों में जीत हासिल की थी।
इंग्लैंड पर इंडिया भारी
भारत में इंडिया-इंग्लैंड के बीच कुल 124 टेस्ट मैच खेल गए हैं। जिनमें भारत ने 27 और इंग्लैंड ने 48 मैचों में जीत दर्ज की है। वहीं, 49 टेस्ट मैच ड्रा रहे हैं। भारत में कुल 62 टेस्ट हुए हैं। जिसमें भारत ने 20 और इंग्लैंड ने 14 में जीत दर्ज की है। जबकि 28 टेस्ट मैच ड्रा रहे हैं। इस हिसाब से इंडिया घर में इंग्लैंड पर भारी नजर आ रही है।
अब तक ड्रा नहीं हुआ कोई भी डे-नाइट टेस्ट मैच
क्रिकेट के इतिहास में अब तक 30 डे-नाइट टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं। जिनमें से कोई भी मैच ड्रा नहीं हुआ है। ऑस्ट्रेलिया ने 8 डे-नाइट टेस्ट मैच खेले हैं और सभी 8 टेस्ट में जीत हासिल की है। श्रीलंका ने 3 डे-नाइट टेस्ट खेले हैं, जिनमें 2 में जीत और 1 में हार मिली है। इंग्लैंड ने 3 टेस्ट में 1 में जीत 2 में हार का सामना किया है। इंडिया ने 2 टेस्ट खेले हैं 1 में जीत दूसरे में हार मिली है। वहीं न्यूजीलैंड ने 3 डे-नाइट टेस्ट में 1 में जीत दो में हार झेली है। पाकिस्तान ने 4 टेस्ट में से 3 में हार और एक में जीत दर्ज की है। साउथ अफ्रीका ने 2 डे-नाइट टेस्ट मैच में से 1 में जीत और 1 में हार का सामना किया है। वहीं, बांग्लादेश ने 1 टेस्ट खेला है जिसमें उसे हार का मुंह देखना पड़ा। वहीं, वेस्टइंडीज ने 3 टेस्ट खेले हैं तीनों में हार ही मिली है। जिम्बाब्वे ने भी 1 मैच खेला है जिसमें उसे हार मिली है।
इंडिया: रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली (कप्तान), अजिंक्य रहाणे, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, इशांत शर्मा और जसप्रीत बुमराह।
इंग्लैंड: डॉम सिबली, जैक क्राउली, जॉनी बेयरस्टो, जो रूट (कप्तान), बेन स्टोक्स, ओली पोप, बेन फोक्स (विकेटकीपर), जोफ्रा आर्चर, जैक लीच, स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन।
.Download Dainik Bhaskar Hindi App for Latest Hindi News.
Source From
RACHNA SAROVAR
CLICK HERE TO JOIN TELEGRAM FOR LATEST NEWS

.
Post a Comment